उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महाराजगंज के निचलौल में नौतनवां कस्टम टीम ने नेपाल से भारत तस्करी कर लाया गया विदेशी मक्का लावारिस हालत में बरामद कर सीज कर दिया। टीम ने सोमवार सुबह निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा गांव से लावारिस हालत में रखी 22 बोरी मक्का बरामद की थी।
बता दें कि कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मटरा गांव के पास नेपाल से तस्करी कर लाई गई विदेशी मक्का झाड़ियों में छिपाकर रखी गई है। इसे भारतीय बाजारों में भेजने की तैयारी थी। सूचना पर कस्टम अधीक्षक जगत सिंह राणा के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खेत के किनारे झाड़ियों में छिपाई गई 22 बोरी मक्का मिली, जिसे जब्त कर नौतनवां कस्टम कार्यालय लाया गया।
अधीक्षक राणा ने बताया कि बरामद मक्का की कीमत हजारों रुपये आंकी जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह मक्का किसकी है और इसे कहां भेजा जाना था। छापेमारी टीम में कस्टम निरीक्षक विवेक कुमार सिंह और शीतेष यादव शामिल थे।









