रूपंदेही पुलिस ने हिरासत में ली गई महिलाओं को पूछताछ के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया
वैदेशिक रोजगार के लिए दुबई जा रही थी महिलाएं लेकिन भारत के रास्ते उनका जाना पूरी तरह से अवैध- माया खत्री प्रभारी रूपंदेही माइती नेपाल
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज ! भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बेलहिया सीमा में नेपाल की स्वयंसेवी संस्था माइती नेपाल की कार्यकर्ताओं ने सोनौली बार्डर से भारत के रास्ते दुबई जा रही 22 नेपाली महिलाओं को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। रूपंदेही पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी 22 महिलाओं को उनके परिजनों को सौंप दिया। सभी महिलाएं नेपाल के सुदूर पहाड़ी जिलों से है और सभी विवाहित है।
इस संबंध में स्वयंसेवी संस्था माइती नेपाल की रूपंदेही जिले की प्रभारी माया खत्री ने बताया कि नेपाल के विभिन्न जिलों की 22 महिलाओं और आठ युवकों मंगलवार की देर शाम संदिग्ध होने के कारण रोककर पूछताछ के लिए पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिसिया पूछताछ के बाद सभी महिलाओं को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। महिलाओं का भारत के रास्ते दुबई जाना अवैध पाया गया।
बता दें कि भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बेलहिया में नेपाल की स्वयं सेवी संस्था के कार्यकर्ता नेपाल से भारत जाने वाले महिलाओं और बच्चों पर नजर रख रही थीं। इस दौरान दो घंटे के अंतराल में एक-एक, दो-दो कर 22 महिलाओं को संदेह के आधार पर संस्था के लोगों ने रोक लिया और अलग-अलग पूछताछ में सभी ने दुबई जाने की बात कही। जिसकी सूचना संस्था के लोगो ने पुलिस को दिया।
माइती सेवा की अध्यक्ष माया खत्री ने बताया कि काठमांडू, म्याग्दी, स्यांगजा, ललितपुर पाल्पा,ईलाम, झापा, लमजुंग, गोर्खा, सुनसरी, नवलपरासी,दोलखा,सर्लाही,दांग,कास्की, भक्तपुर, कंचनपुर की 22 महिलाएं भारत के रास्ते वैदेशिक रोजगार के लिए दुबई जा रही थी। सभी विवाहित है। और सभी की उम्र 24 से 30 वर्ष के बीच है। संदेह के आधार पर रोका गया और पूछताछ में पता चला कि वैदेशिक रोजगार के लिए विदेश जाने वाली है। इन महिलाओं के पकड़े जाने के बाद दलाल फरार हो गये।