उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज जब पुलिस गुंडों को ठिकाने लगा रही है तो यह सपा को बुरा लग रहा है। कानून के राज से किसको चिढ़ है यह हर व्यक्ति जानता है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पुलिस में जल्द ही 30 हजार नई भर्तियां की जाएंगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 60 लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी उपलब्ध कराई जा चुकी है। पुलिस विभाग में वर्ष 2017 से अब तक 1,56,000 पदों पर भर्ती की गयी है। वर्तमान में 60,200 पुलिस कार्मिकों की भर्ती हो रही है। मिशन शक्ति के तहत पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा प्रदान की गई है।
विधानसभा में अपने पूरे संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री विपक्ष पर आक्रामक रहे। सपा सदस्यों की ओर मुखातिब होकर कहा, आपकी परेशानी को मैं समझ सकता हूं, लेकिन प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था के बारे में हर व्यक्ति चर्चा कर रहा है।