भारत-नेपाल सीमा पर 6.2 किलो गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार 

थाईलैंड से अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा

नेपाल-भारत मैत्री बस सेवा से हुई बरामदगी 

काठमांडू से दिल्ली जा रही थी बस 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज ! भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनौली बॉर्डर पर की गई संयुक्त कार्रवाई में नेपाल से भारत लाए जा रहे 6 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जिनसे सुरक्षा एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह गांजा नेपाल के रास्ते भारत लाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा थाईलैंड से हवाई मार्ग के जरिए काठमांडू पहुंचाया गया था। इसके बाद इसे भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के माध्यम से दिल्ली ले जाने की योजना थी। 

सोनौली सीमा पर नियमित जांच के दौरान बस में सवार कुछ यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद एसएसबी और कस्टम की टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान यात्रियों के बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। 

प्रारंभिक जांच में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार किन-किन देशों और शहरों से जुड़े हुए हैं। 

इस संबंध में कस्टम अधीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि बरामद गांजा का कुल वजन 6 किलो 200 ग्राम है। 

एसएसबी 22 वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सी. विवेक ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए जांच अभियान को और तेज किया गया है तथा आने वाले दिनों में निगरानी और सख्त की जाएगी।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!