मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू। नेपाल एयरलाइंस की काठमांडू–दम्मान उड़ान को मंगलवार को अचानक रद्द करना पड़ा, क्योंकि इस रूट पर निर्धारित विमान 9N-AKW को तकनीकी कारणों से ग्राउंड कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, विमान के APU (Auxiliary Power Unit) से संबंधित MEL (Minimum Equipment List) की वैधता समाप्त हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को उड़ान के लिए अयोग्य घोषित किया गया।
एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि MEL एक्सपायर होने के कारण विमान का संचालन नियमों के तहत संभव नहीं था, इसलिए उड़ान को तत्काल प्रभाव से रद्द करना आवश्यक हो गया। इस निर्णय से काठमांडू हवाईअड्डे पर यात्रियों को काफी असुविधा हुई, जबकि कई यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों और टिकट री-शेड्यूलिंग की व्यवस्था की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, तकनीकी टीम APU से जुड़े दस्तावेज़ों और निरीक्षण प्रक्रिया को पूरा करने में जुटी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विमान को पुनः संचालन के लिए अनुमति दी जाएगी।
यात्रियों ने अचानक उड़ान रद्द होने पर नाराज़गी भी जाहिर की, वहीं एयरलाइन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्थिति पर खेद जताया है।