बीट पुस्तिका में प्रविष्टि न मिलने पर हुई कार्रवाई
बीट पुस्तिका पुलिसिंग का एक महत्वपूर्ण आधार – एसपी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना ने थाना सोनौली के आरक्षी दीपक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बीट पुस्तिका में कोई प्रविष्टि न मिलने और बीट क्षेत्र की जानकारी न होने पर की गई। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को एसपी मीना बीट पुस्तिकाओं की जांच कर रहे थे। इस दौरान आरक्षी दीपक कुमार की पुस्तिका खाली पाई गई और वह अपने बीट क्षेत्र के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दे पाया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने यह कठोर कदम उठाया।
एसपी ने बीट आरक्षियों की पुस्तिकाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि बीट पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी आरक्षियों को अपने क्षेत्र में नियमित गश्त करने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और जनता से सतत संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया।
एसपी सोमेन्द्र मीना ने जोर देकर कहा कि बीट पुस्तिका पुलिसिंग का एक महत्वपूर्ण आधार है। इसका सही रख-रखाव अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुलिस जनसुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए बीट प्रणाली को मजबूत करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।


