महराजगंज जिले के घुघली निवासी दो युवकों की चेन्नई में मौत, गांव में मातम

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले के घुघली के पिपरिया करजहा गांव के निवासी दो युवकों की चेन्नई के एक हादसे में मौत हो गई है। कुछ माह पूर्व दोनों चेन्नई कमाने गए थे और एक एल्यूमिनियम फैक्ट्री में काम करते थे। वहां एल्यूमिनियम गलाते समय टंकी ओवरफ्लो होने से दोनों बुरी तरह झुलस गए थे। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। शव आने पर बाद गांव में कोहराम मच गया।

 

 

शनिवार की सुबह दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिपरिया करजहा निवासी शिव कुमार यादव (25) वर्ष व इंद्र भूषण पटेल (37) वर्ष कुछ माह पूर्व चेन्नई कमाने गए थे। शिव कुमार दो भाइयों में छोटा एवं अविवाहित था। जबकि इंद्र भूषण पटेल अपने दो दो भाइयों में बड़ा था।

 

 

बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पूर्व चेन्नई में दोनों एक एल्यूमिनियम फैक्ट्री में काम कर रहे थे। एल्यूमिनियम गलाते समय टंकी से ओवर फ्लो होने पर वे दोनों झुलस गए। साथ में काम कर रहे अन्य साथियों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान दोनों की अलग-अलग दिनों में मौत हो गई। शुक्रवार की देर रात दोनों का शव गांव आया तो कोहराम मच गया। दोनों परिवारों के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए भी लोग हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। शनिवार की सुबह दोनों का अंतिम संस्कार घुघली के बैकुंठी श्मशान घाट पर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!