निचलौल मदरसे में कथित तीन तलाक, वीडियो वायरल – कानून की धज्जियां उड़ाने पर क्षेत्र में हंगामा

उमेश चंद्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन तलाक पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद कथित तौर पर मदरसे में तलाक-ए-बिदअत कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्थानीय कस्बा निचलौल में स्थित मदरसा अरबिया अजीजिया मजहरुल उलूम का है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और यह मामला लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है।

 

 

वायरल वीडियो में एक मौलाना को तीन तलाक को “तलाक-जवाब का मसला” बताते हुए स्थानीय लोगों से बहस करते देखा जा सकता है। जब विरोध करने वाले लोग तीन तलाक कानून का हवाला देते हैं, तो मौलाना उनसे उलझते दिखाई देते हैं। वीडियो में यह भी देखा जा रहा है कि मदरसे के अंदर कथित तौर पर पुरानी धार्मिक प्रथाओं और परंपराओं को चोरी-छिपे जारी रखने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा पारित मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 में तीन तलाक को अपराध घोषित किया जा चुका है,जिसमें उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद इस तरह का वीडियो सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह सीधे-सीधे कानून का उल्लंघन है और जिम्मेदार लोगों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि मामले की जांच कर मदरसे की गतिविधियों पर स्पष्ट स्थिति जल्द सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!