भैरहवा भेजा गया आरोपी, पूछताछ में खुद को पैरा मिलिट्री जवान बताया
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! नेपाल-भारत सीमा के बेलहिया-सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा जांच के दौरान नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नम्बर की कार से कारतूस का 34 खोखा बरामद किया है। कार भारत से नेपाल की ओर जा रही थी, तभी बेलहिया चेकपोस्ट पर नियमित जांच के दौरान यह खेप सामने आई।
जांच के दौरान वाहन चालक कस्टम (भन्सार) पेपर प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को रोका। संदेह के आधार पर की गई तलाशी में कार से कारतूस के 34 खोखे बरामद हुए। बरामदगी के बाद नेपाल पुलिस ने मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी युवक ने खुद को पैरा मिलिट्री का जवान बताया, लेकिन उसके दावे की पुष्टि नहीं हो सकी। प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे आगे की कार्रवाई हेतु जिला पुलिस कार्यालय भैरहवा भेज दिया गया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के निवासी के रूप में हुई है। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और बरामद कारतूसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
यह कार्रवाई रूपंदेही जिले के बेलहिया चौकी क्षेत्र में नेपाल पुलिस की सतर्कता के चलते संभव हो सकी। सीमा क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है।


