मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवां! शहीद शेर बहादुर की शताब्दी स्मृति में आयोजित अंतर-विद्यालय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट–2082 का भैरहवां मैदान में भव्य एवं सफल समापन किया गया। उन्नीस दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट में जिले के 30 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में न्यू होराइजन कॉलेज की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए लीलाराम स्कूल की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का उत्कृष्ट परिचय दिया, जिससे दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


समापन समारोह की अध्यक्षता श्री हरि बहादुर थापा, अध्यक्ष, रुपन्देही क्रिकेट संघ ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थनगर नगरपालिका के मेयर इश्तियाक अहमद ख़ान रहे। अपने संबोधन में उन्होंने सभी अतिथियों, आयोजकों, खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विजेता व उपविजेता टीमों को बधाई दी।


मेयर इश्तियाक अहमद ख़ान ने इस अवसर पर पत्रकारों की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि खेल आयोजनों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से आए द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज के डायरेक्टर मनोज कुमार त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनोज जी निरंतर नेपाल और भारत से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और नियमित कवरेज करते हैं, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने नेपाल और भारत के पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े समस्त कलमकारों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता प्रकट करते हुए उनके सत्यनिष्ठ, निर्भीक और लोकहितपरक योगदान को लोकतांत्रिक चेतना का प्रेरक स्तंभ बताया।
समारोह के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह टूर्नामेंट न केवल युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



