मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 17 दिसंबर 2025, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पेंशनर्स की समस्याओं को सुनने, उनके त्वरित निस्तारण के लिए विभागीय समन्वय स्थापित करने हेतु जिला कोषागार द्वारा पेंशनर्स दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयकों का भुगतान समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स के साथ सहानुभूतिपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाना आवश्यक है, क्योंकि प्रत्येक सेवाकालीन कर्मचारी को एक दिन सेवानिवृत्त होना होता है। अतः सभी अधिकारी नियमों के अंतर्गत उदारता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
कार्यशाला के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कुछ अध्यापकों द्वारा देय भुगतान लंबित होने की समस्या रखी गई। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने शीघ्र निस्तारण हेतु एक वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति का आश्वासन दिया, जो दोनों पक्षों को सुनकर नियमों के अनुरूप शिकायतों का समाधान करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा 85 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 14 सेवानिवृत्त पेंशनर्स को माला पहनाकर एवं साल भेंट कर सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से सत्य नारायण, गौरी प्रसाद, रामरतन यादव, तुफैल अहमद तथा बृजभूषण सिंह शामिल रहे।
कार्यशाला का संचालन कोषाधिकारी (वित्त एवं लेखाधिकारी) श्री अबरार अहमद द्वारा किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयकों का भुगतान नियमानुसार एवं समयबद्ध किया जा रहा है तथा यदि किसी पेंशनर को कोई समस्या है तो उसका समाधान नियमों के अंतर्गत कर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री नवीन गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी उपकोषाधिकारी श्री जय प्रकाश दुबे, लेखाकार श्री महेंद्र प्रसाद सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, आशीष सिंह, सन्तोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कार्मिक एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे।

