मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवां, नेपाल!
कोविड महामारी के दौरान अपने पति को खो चुकी एकल महिला शोभा देवी के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई राह खोलने का सराहनीय प्रयास किया गया।

सामाजिक सहयोग की भावना के तहत उनके निवास पर सिलाई मशीन भेंट की गई, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस मानवीय पहल का नेतृत्व युवा नेता प्रज्वल बोहरा ने किया, जिसमें शंकर खत्री, दीपू प्रताप राणा एवं दीपू शाही की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान युवा नेता प्रज्वल बोहरा ने कहा कि कोविड काल ने अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है और ऐसे कठिन समय में समाज का दायित्व है कि वह पीड़ितों का संबल बने। उन्होंने कहा कि शोभा देवी जैसी शिक्षित, मेहनती और हुनरमंद महिलाओं को यदि उचित अवसर और सहयोग मिले, तो वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार के भविष्य को सशक्त बना सकती हैं।

इस अवसर पर शंकर शाही, दीपू प्रताप राणा और दीपू शाही ने भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए ऐसे सहयोग कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।


बताया गया कि शोभा देवी सिलाई-बुनाई में दक्ष, शिक्षित एवं कर्मठ महिला हैं। उनकी इसी कुशलता को आय के स्थायी स्रोत में बदलने के उद्देश्य से उन्हें सिलाई मशीन प्रदान की गई। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता लाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पुष्पराज थारू सहित कई वरिष्ठजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि शोभा देवी अकेली नहीं हैं और समाज हर कठिन घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।


