पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न

नियमित खेल गतिविधियां जीवन में लाती हैं सकारात्मक ऊर्जा- एसपी सोमेंद्र मीना

विद्यार्थियों के जीवन में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण – विजय बहादुर सिंह

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महाराजगंज! खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। ये न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उक्त विचार पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने नगर स्थित पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।

 

 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर गुरु गोरक्षनाथ महाविद्यालय जोगिया के संस्थापक वीरेंद्र सिंह अध्यक्ष के रूप में तथा संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह विशिष्ट के रूप में मौजूद रहे।

 

 

जोगिया के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन तथा हार-जीत को स्वीकारने की भावना विकसित करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि विजय बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण है, जिसमें खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्कूलों में खेल व शारीरिक शिक्षा को पाठ्यक्रम का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में सिटीजन फोरम के विमल पाण्डेय, शमशुल हुदा खान, चतुर्भुजा सिंह, ग्राम प्रधान खड़ेसर तथा इंजीनियर विवेक सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक आयुष जॉन ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में डॉ. सलीम प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य, दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!