भारत–नेपाल सीमा पर अवैध प्रवेश का भंडाफोड़, श्रीलंकाई नागरिक गिरफ्तार
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली बार्डर!भारत–नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली आव्रजन कार्यालय पर सघन जांच के दौरान आव्रजन अधिकारियों ने एक श्रीलंकाई नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान Kenady Rajendram पुत्र Negombo, निवासी श्रीलंका के रूप में हुई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को नियमित चेकिंग के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ एवं दस्तावेजों की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी के पास पासपोर्ट व वीजा वैध होने के बावजूद उसने समुद्री मार्ग से अनधिकृत तरीके से भारत में प्रवेश किया, जो विदेशी अधिनियम 1946 का उल्लंघन है।
इस संबंध में सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार श्रीलंकाई नागरिक के विरुद्ध धारा 12(3)/23 एवं 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 21 दिसंबर 2025 को आरोपी को स्थानीय थाने लाया गया, जहां उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया गया। साथ ही अन्य सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों को भी सूचना देते हुए संयुक्त जांच प्रारंभ कर दी गई है।
घटना के बाद से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि आरोपी ने किन लोगों, नेटवर्क या माध्यमों की सहायता से समुद्री रास्ते से भारत में अवैध प्रवेश किया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच जारी है।
सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध घुसपैठ पर सख्त संदेश गया है और भविष्य में ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी