उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज ! भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने सोनौली कोतवाली क्षेत्र में मिट्टी एवं बालू के अवैध खनन का बड़ा आरोप लगाया है। श्री जायसवाल उक्त मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ईमेल के माध्यम से शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन को शासन के निर्देशों और पर्यावरणीय नियमों का खुला उल्लंघन बताया है।

शिकायती पत्र के अनुसार नौतनवां तहसील अंतर्गत सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा सुकरौली स्थित सेमरा घाट के समीप बिना किसी वैध परमिट के मिट्टी और बालू का बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया जा रहा है। आरोप है कि जेसीबी मशीनों से दिन-रात 4 से 5 मीटर तक गहरी खुदाई कर मिट्टी और बालू निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
भाजपा नेता ने दावा किया है कि इस अवैध गतिविधि से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन विभाग, तहसील एवं पुलिस प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
इस मामले में जब नौतनवां उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी तथा सोनौली कोतवाली प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें मामले की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अवैध मिट्टी या बालू खनन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जितेंद्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और पर्यावरण को हुई क्षति का आकलन कर जिम्मेदारों से भरपाई कराने की भी अपील की है।

बताया गया है कि यह शिकायती पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ-साथ जिलाधिकारी महराजगंज को भी प्रेषित किया गया है। अब इस प्रकरण में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।


