पुलिस महकमे में शोक की लहर
पुलिस अधीक्षक ने पार्थिव शरीर को दिया कन्धा
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज!महराजगंज जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थाना बृजमनगंज में तैनात मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य का ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से असामयिक निधन हो गया। यह घटना 22 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को शोक में डुबो दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य थाना परिसर के पास ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल उन्हें चिकित्सीय सहायता दिलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य को एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार पुलिसकर्मी के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा में हमेशा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य किया। उनके सहयोगी बताते हैं कि वह हर जिम्मेदारी को पूरी लगन और समर्पण भाव से निभाते थे।
इस दुखद घटना पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने गहरा शोक व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस लाइन महराजगंज पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखें नम नजर आईं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कहा कि रामनयन मौर्य का निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे जनपद में शोक का माहौल है और हर कोई दिवंगत पुलिसकर्मी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।


