विदेशी घुसपैठियों के लिए मुफीद है भारत-नेपाल की सोनौली सीमा

खुली सीमा होने के नाते पगडंडियों के रास्ते घुसपैठ की प्रबल संभावना

पहली बार 1992 में पकड़ा गया खालिस्तानी एरिया फोर्स का कमांडर सुखबीर सिंह उर्फ राजू खन्ना

सीमा पर सख्त निगरानी की जरूरत

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज ! भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सोनौली सीमा एक बार फिर विदेशी घुसपैठ को लेकर सवालों के घेरे में है। रविवार को इमीग्रेशन अधिकारियों ने एक श्रीलंकाई नागरिक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद सोनौली कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

 

 

जांच में सामने आया कि उक्त श्रीलंकाई नागरिक भारत में समुद्री मार्ग से अनधिकृत रूप से भारत में प्रवेश किया था और नेपाल जाने के प्रयास में सोनौली सीमा पर पकड़ा गया। इस घटना ने न सिर्फ मुख्य सीमा मार्ग, बल्कि आसपास की पगडंडियों से होने वाली घुसपैठ की आशंकाओं को भी उजागर किया है।

सोनौली सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों में कई ऐसी पगडंडियां हैं, जिनका इस्तेमाल कर विदेशी नागरिकों को भारत में दाखिल कराया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया के पीछे नेपाल में बैठे दलालों का एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय है, जो मोटी रकम लेकर विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराता है। दलाल सीमा के दोनों ओर मौजूद संपर्क सूत्रों की मदद से इमीग्रेशन और सुरक्षा जांच से बचाकर घुसपैठ कराते हैं।

 

 

कब-कब पकड़े गए विदेशी

साल 1992 – खालिस्तानी एरिया फोर्स का कमांडर सुखबीर सिंह उर्फ राजू खन्ना गिरफ्तार

साल 2001 में नूरबख्श उर्फ नूरा गिरफ्तार

19 जुलाई 2020 – फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत से नेपाल जा रहे रोमानिया नागरिक आनेट ड्राधोस गिरफ्तार

12 अप्रैल 2021- लॉकडाउन में ब्राजील नागरिक पाल लोमांगा नोम्बे पकड़ा गया

23 नवंबर 2021- चीन के नागरिक फेंग चांगवेन को मुख्य गेट पर गिरफ्तार किया गया

11 दिसंबर 2021 – चीन के जंग चांगवेनसु को पकड़ा गया, बाद में नेपाल पुलिस को सौंपा गया

1 जनवरी 2022- जर्मनी के नागरिक कुरतग्रेगोर हिरासत में लिए गए

16 अगस्त 2023 – अमेरिका निवासी कोलिन पैट्रिक फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़ा गया

24 अगस्त 2023 – उज्बेक महिला राखी मोबा दिलशाद गिरफ्तार

04 अप्रैल 2024 – हिज्बुल के तीन आतंकी नासिर अली, सैयद गजनफर और अल्ताफ हुसैन गिरफ्तार

अप्रैल 2025 – उज्बेक महिला अवैध प्रवेश के प्रयास में पकड़ी गई

20 दिसंबर 2025 – श्रीलंकाई नागरिक केनेडी राजेन्द्रम हिरासत में लिया गया

आतंकी गतिविधियों से भी जुड़ा रहा कुछ लोगों का नाम

सोनौली सीमा से लियाकत अली, शमशुल होदा, याकूब मेमन, बिलाल अहमद बट, दाऊद राथर जैसे आतंकी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध भी पकड़े जा चुके हैं।

सख्त निगरानी की जरूरत

लगातार सामने आ रहे मामलों से साफ है कि सोनौली सीमा और उससे जुड़ी पगडंडियां विदेशी घुसपैठियों के लिए आसान रास्ता बनती जा रही हैं।

सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब न सिर्फ मुख्य सीमा गेट, बल्कि ग्रामीण इलाकों की पगडंडियों पर भी कड़ी निगरानी और दलाल नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई की बड़ी चुनौती खड़ी है।

सीएम पुलिस मंथन कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल की तरफ से प्रदेश में बढ़ने वाली घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाएं। सीमा सुरक्षा व आतंकवाद निरोधक तंत्र को तकनीकी रूप से मजबूत करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!