महराजगंज में डीएम और एसपी ने चलाया प्लास्टिक मुक्त अभियान

प्रशासन ने दिया स्वच्छता का मजबूत संदेश

प्लास्टिक कचरा पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए घातक – डीएम

स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की आदत – एसपी

मनोज कुमार त्रिपाठी

महराजगंज! प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में रविवार को महराजगंज जिले में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने स्वयं मैदान में उतरकर शहर के लोहिया पार्क से लेकर जिले के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर झाडू लगाई और प्लास्टिक कचरे को चुन-चुनकर कूड़ेदानों में इकट्ठा कराया। इस विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान डीएम और एसपी ने न केवल सफाई कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई, बल्कि आमजन को स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूक भी किया।

 

 

 

अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अमला, पुलिस बल और नगर निकाय के कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाया।

अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक का प्रयोग न करें और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए घातक है, इसे जड़ से खत्म करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

 

 

एसपी सोमेंद्र मीना ने भी लोगों को संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बननी चाहिए।

प्रशासन द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। डीएम और एसपी द्वारा स्वयं झाडू उठाकर सफाई किए जाने से शहरवासियों में सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने इस पहल की सराहना की। यह अभियान महराजगंज को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!