मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जनपद स्थित नगर पंचायत चौक के सभागार में आगामी खिचड़ी मेले को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार तथा नगर पंचायत चौक के अधिशासी अधिकारी ओम प्रकाश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मेले को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, खोया-पाया केंद्र, प्रत्येक मार्ग पर बैरिकेडिंग, तथा रूट डायवर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मेले के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त शौचालय व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, तथा स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखी जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। बैठक के अंत में संबंधित विभागों को उनके दायित्वों के अनुसार स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।






