मनोज कुमार त्रिपाठी
लुंबिनी
विश्व धरोहर स्थल लुंबिनी के पर्यटन विकास को नई गति देने की दिशा में लुंबिनी हेरिटेज होटल एक अहम भूमिका निभाने जा रहा है। होटल प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्तमान में होटल में 147 आधुनिक कमरे संचालित हैं और इसे फाइव स्टार श्रेणी में अपग्रेड करने की प्रक्रिया जारी है।

होटल को आगामी आठ महीनों के भीतर यूके आधारित इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी ब्रांड इंटरकॉन्टिनेंटल ग्रुप (क्राउन प्लाजा) से जोड़ने की योजना है। इस संबंध में एमओयू पहले ही संपन्न हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय ब्रांड से जुड़ने के बाद होटल का संचालन प्रीमियम फ्रेंचाइज़ मैनेजमेंट के तहत किया जाएगा।
होटल में भविष्य में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भव्य बैंक्वेट हॉल, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों व उत्सवों के आयोजन की सुविधा, विश्वस्तरीय फूड एंड बेवरेज सेवाएं तथा प्रशिक्षित अंतरराष्ट्रीय स्टाफ उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बोधगया, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र और अन्य देशों से आने वाले पर्यटकों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं मिल सकेंगी।
पर्यटन जानकारों का मानना है कि लुंबिनी हेरिटेज होटल की यह पहल लुंबिनी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित करेगी।






