वन विभाग ने ड्रोन से चलाया सर्च ऑपरेशन
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महाराजगंज के निचलौल स्थित मधवलिया रेंज के ग्राम बेलहिया में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से वन विभाग और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। ग्रामीणों की सूचना के बाद, तेंदुए को जंगल की ओर भगाए जाने के बावजूद, क्षेत्र में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मधवलिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि 11 जनवरी को ग्रामीणों द्वारा तेंदुए की सूचना मिली थी। इसके बाद देर रात तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने तेंदुए को सुरक्षित मार्ग प्रदान करते हुए उसे जंगल की ओर मोड़ दिया था।
ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को बेलहिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में एहतियातन गश्त की गई। ग्रामीणों द्वारा बताए गए संभावित स्थानों पर ड्रोन की मदद से गहन खोजबीन की गई, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी का कोई साक्ष्य नहीं मिला। वन विभाग की टीम ने इस दौरान ग्रामीणों को तेंदुआ सहित अन्य वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्हें भीड़ न लगाने, अकेले बाहर न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। एहतियातन क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।






