महराजगंज में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन 

छिपी प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज! सृष्टि सेवा संस्थान के तत्वावधान में सोमवार को सृष्टि परिसर, सक्सेना नगर, महाराजगंज में युवा महोत्सव का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। उत्साह, ऊर्जा और गरिमा से परिपूर्ण इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें सकारात्मक सोच का विकास करना तथा सही मार्गदर्शन के माध्यम से उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वैच्छिक परामर्शदाता राम प्रकाश गुप्त ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की वास्तविक पूंजी हैं और राष्ट्र का भविष्य उनके कंधों पर टिका है। 

उन्होंने आत्मविश्वास, अनुशासन और सही करियर मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की

मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक श्याम सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं का सर्वांगीण विकास समाज, परिवार और संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे सभी को मिलकर निभाना चाहिए।

नेहरू सेवा संस्थान के अध्यक्ष साधु शरण शर्मा ने युवाओं से जीवन में अच्छे संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट राम बहादुर सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर, साहसी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित बनने की प्रेरणा दी।

युवा समाजसेवी सुनील कुमार ने युवाओं को समाज परिवर्तन की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके प्रयासों, उपलब्धियों और संस्कारों की सराहना की।

शिक्षक एवं समाजसेवी पवन पटेल ने राम की धरती की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भारत को नैतिक मूल्यों की भूमिका बताया।

महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी ने युवाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान सृष्टि सेवा संस्थान से जुड़े युवाओं ने नृत्य, गीत, एकांकी एवं भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 

सोशल मीडिया आधारित एकांकी, संविधान पर गीत और नैतिक मूल्यों पर केंद्रित भाषण दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम के सफल संचालन में रीता शर्मा, आदित्य तिवारी, अखिलेश, अजय, मृणालिनी, कन्हैया, विजय, रामहरि एवं देवेंद्र पाण्डेय का उल्लेखनीय योगदान रहा।

यह आयोजन सृष्टि सेवा संस्थान के डायरेक्टर सुनील कुमार पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!