क्षेत्र नंबर चार से राप्रपा उम्मीदवार ने रखी सुशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य की प्राथमिकताएं
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के प्रत्याशी
अहमददीन ख़ान का मर्चवार वासियों से बड़ा संदेश
मनोज कुमार त्रिपाठी
मर्चवार (रूपन्देही)।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) की ओर से क्षेत्र नंबर चार से प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने पर अहमददीन ख़ान पार्टी प्रत्याशी ने मर्चवार वासियों को संबोधित करते हुए जनता से सहयोग और समर्थन की अपेक्षा जताई। उन्होंने मर्चवार की जनता को सादर नमस्कार करते हुए कहा कि वे पहले भी इस क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चिंतित रहे हैं और आगे भी मर्चवार के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

प्रत्याशी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मर्चवार में सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद्यान्न व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि मर्चवार में एक ऐसा आधुनिक अस्पताल होना चाहिए, जहां प्रसव और आपातकालीन मामलों का इलाज वहीं हो सके, ताकि लोगों को भैरहवा और बुटवल तक भटकना न पड़े।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने मर्चवार में ही एक विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राएं स्नातक तक की पढ़ाई अपने क्षेत्र में ही कर सकें और उन्हें बुटवल, भैरहवा या काठमांडू जाने की मजबूरी न रहे।
किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रत्याशी ने कहा कि नीलगाय और अन्य जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जो किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती है। इस समस्या के समाधान के लिए वे ठोस व्यवस्थापन करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें योग्य समझकर समर्थन दिया, तो वे दिन-रात जनता के साथ रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को देश की वर्तमान परिस्थितियों से निपटने का एकमात्र विकल्प बताते हुए कहा कि राप्रपा राजसंस्था की पुनर्स्थापना, हिंदू राष्ट्र की पुनर्स्थापना और सभी धर्मों की स्वतंत्रता के साथ मजबूत नेपाल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी, जिसका चुनाव चिन्ह ‘हलो’ है, देश को आगे बढ़ाने और राष्ट्र की रक्षा करने के लिए जनता का विश्वास चाहती है।






