राष्ट्रीय उन्मुक्ति पार्टी से बीरेंद्र कुमार धवल चुनावी मैदान में
मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपनदेही ! राष्ट्रीय उन्मुक्ति पार्टी नेपाल ने संसदीय क्षेत्र नंबर 5 से बीरेंद्र कुमार धवल (भोटे भाई) को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट मिलने के बाद पहली प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अब पुराने चेहरों से आगे बढ़कर एक नए, स्थानीय और जमीनी नेतृत्व की तलाश में है।

बीरेंद्र कुमार धवल ने कहा कि रूपनदेही-5 ने पहले भी कई जनप्रतिनिधियों को जिताया, लेकिन अब क्षेत्र के सामने विकास की नई चुनौतियां खड़ी हैं, जिनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना जरूरी है।
एयरपोर्ट संचालन और होटल व्यवसाय बने मुख्य मुद्दे उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पहला और सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा एयरपोर्ट का पूर्ण संचालन होगा। एयरपोर्ट के ठीक से संचालित न होने के कारण क्षेत्र का होटल और पर्यटन व्यवसाय गहरे संकट में है, जिससे हजारों लोगों की रोज़ी-रोटी प्रभावित हो रही है।
“होटल व्यवसाय लगभग डूब चुका है। जब तक एयरपोर्ट पूरी तरह चालू नहीं होगा, तब तक रोजगार और व्यापार दोनों को संभालना मुश्किल है,” — धवल ने कहा।
किसानों के लिए खाद संकट पर कड़ा रुख
किसानों के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि आज किसान दो बोरा खाद के लिए भी सिफारिशों के मोहताज हैं। इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने ऐलान किया कि चुनाव जीतने के बाद स्थानीय स्तर पर खाद फैक्ट्री स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी, ताकि किसानों को समय पर और सुलभ खाद मिल सके।
स्थानीय होने का दावा, जनता से सीधा जुड़ाव
धवल ने खुद को क्षेत्र का स्थानीय निवासी बताते हुए कहा कि वे जनता की समस्याओं को नज़दीक से समझते हैं और उनके समाधान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।
राष्ट्रीय उन्मुक्ति पार्टी के इस फैसले के बाद रूपनदेही-5 की राजनीति में नई ऊर्जा और नई बहस देखने को मिल रही है। अब देखना होगा कि जनता इस नए चेहरे और उसके विकास एजेंडे पर कितना भरोसा जताती है।








