गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट पुलिस सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह को पुलिस हेडक्वार्टर द्वारा रजत पदक से किया जाएगा सम्मानित 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह को गणतंत्र दिवस के अवसर पर उनके उत्कृष्ट पुलिस सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए पुलिस हेडक्वार्टर द्वारा रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। उच्चाधिकारियों द्वारा उनके कार्यों की समीक्षा के बाद यह सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। 

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के पिछौरा गांव थाना बरदा के निवासी हैं। उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई जौनपुर जिले से पूरी की, जबकि इंटरमीडिएट से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रयागराज में रहकर की। अभिषेक सिंह ने बताया कि उन्होंने नवंबर 2015 में बस्ती जनपद से पुलिस सेवा की शुरुआत की थी।

                     

                     

इसके बाद वर्ष 2021 में महराजगंज जनपद में तैनाती हुई, जहां उन्होंने ग्राम पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। अपने कार्यकाल के दौरान अभिषेक सिंह जनपद की तीन चौकियों के साथ-साथ कोल्हुई, सोनौली, फरेंदा और श्यामदेउरवा थानों के प्रभारी रह चुके हैं। वर्तमान में वह श्यामदेउरवा थाने के प्रभारी हैं। 

बता दें कि श्यामदेउरवां थाने पर तैनाती के दौरान अक्टूबर माह में महम्मदा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के समय उत्पन्न साम्प्रदायिक तनाव को थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने अपनी टीम के साथ समय रहते नियंत्रित कर बड़ी घटना होने से रोक दिया। दिसंबर 2024 में परतावल चौकी के समीप स्थित हाजी ज्वैलर्स में शटर काटकर असलहे से लैस होकर की गई ब्लाइंड चोरी की घटना का खुलासा किया। सात पुलिस टीमों के गठन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कराया। 

                     

                     

इससे पहले सोनौली थानाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने बृजमनगंज थाना क्षेत्र में हुई 72 लाख रुपये की लूट का खुलासा करते हुए मुठभेड़ में बदमाश को गिरफ्तार किया। इसी दौरान सोनौली थाना क्षेत्र में 85 से 90 किलो चरस की बड़ी खेप पकड़ी, जो थाना स्थापना के बाद का पहला बड़ा मादक पदार्थ तस्करी का मामला था। इसके अलावा भिटौली थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के मुठभेड़ के दौरान भी बदमाश को पकड़ने में सफलता हासिल की। 

चार वर्ष पूर्व श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव से गायब नाबालिग लड़की की बरामदगी में भी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने एचटीयू थाना की विवेचना में विशेष सहयोग किया, जिसके परिणाम स्वरूप बालिका को सकुशल बरामद किया जा सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!