नेपाली कांग्रेस से क्षेत्र नंबर चार को नया नेतृत्व, आशुतोष मिश्र को मिला टिकट

मर्चवार के समग्र विकास और जनता से सीधा संवाद सर्वोच्च प्राथमिकता

मनोज कुमार त्रिपाठी

रूपंदेही।
नेपाली कांग्रेस ने संसदीय क्षेत्र नंबर चार से आशुतोष मिश्र को टिकट देकर संगठन में आए निर्णायक बदलाव और युवा नेतृत्व पर भरोसे का स्पष्ट संदेश दिया है। टिकट मिलने के बाद आशुतोष मिश्र ने इसे अपने लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया।

YouTube player

 

उन्होंने कहा कि यह उनका पहला चुनाव है जब वे नेपाली कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी बने हैं, लेकिन उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा और संगठन से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं और स्वयं आशुतोष मिश्र ने 1974 और 1979 के संघीय व प्रांतीय चुनावों में पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है।

आशुतोष मिश्र ने 2082 के उपचुनाव को नेपाल में आए “युवा क्रांति” का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसी परिवर्तन के तहत नेपाली कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से नए, ईमानदार और योग्य कार्यकर्ताओं को आगे लाया गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक बदलाव का श्रेय पार्टी सभापति गगन कुमार थापा को देते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को नई दिशा देने के लिए बड़ा राजनीतिक जोखिम उठाया, जिसका लाभ आज संगठन को मिल रहा है।

 

 

मर्चवार क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास कार्यों, जर्जर सड़कों और जनप्रतिनिधियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए आशुतोष मिश्र ने कहा कि जनता की नाराजगी पूरी तरह जायज है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचित होते ही कोई जादुई बदलाव संभव नहीं होता, लेकिन वे अपनी पूरी क्षमता, ईमानदारी और निरंतर प्रयास से मर्चवार के समग्र विकास को आगे बढ़ाएंगे। जनता से सीधा संवाद, समस्याओं पर समय पर प्रतिक्रिया और ठोस समाधान उनकी कार्यशैली की पहचान होगी।

                     


मधेस क्षेत्र के प्रतिनिधियों की बात काठमांडू में न सुने जाने की धारणा को सिरे से खारिज करते हुए आशुतोष मिश्र ने कहा कि आज का दौर क्षमता और स्पष्ट दृष्टि का है।

यदि प्रतिनिधि के पास मजबूत सोच और ठोस योजनाएं हों, तो संसाधन और समर्थन स्वतः मिलते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी भरोसे के साथ वे क्षेत्र नंबर चार के विकास, सम्मान और अधिकारों की मजबूत आवाज संसद तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!