मनोज कुमार त्रिपाठी
भरहवा (रूपन्देही)।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (RPP) ने रूपन्देही में स्वर्गीय दीपक बोहरा की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके दोनों सुपुत्रों को चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने ज्येष्ठ पुत्र गौरव बोहरा को संसदीय क्षेत्र नंबर तीन से और छोटे पुत्र प्रज्जवल बोहरा को क्षेत्र नंबर एक से प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं में इसे लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।

RPP के केंद्रीय सदस्य मातृका यादव ने कहा कि स्वर्गीय दीपक बोहरा पार्टी के संस्थापक नेताओं में से थे और उन्होंने लगभग पचास वर्षों तक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को समर्पित जीवन जिया। रूपन्देही के विकास में उनका योगदान आज भी जनता के बीच मिसाल के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि दीपक बोहरा भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके किए गए कार्य और विचार आज भी जीवित हैं। उसी विश्वास और ईमानदारी के आधार पर पार्टी ने उनके दोनों पुत्रों को टिकट दिया है।
महिला संगठन की अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र नंबर तीन से घोषित प्रत्याशी गौरव बोहरा को विजय दिलाना महिला संगठन का एकमात्र लक्ष्य है। इसके लिए महिला संगठन ने वार्ड, क्षेत्रीय, जिला और प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारियां बांट दी हैं और रणनीतिक रूप से चुनावी अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी दिदी-बहनें एकजुट होकर घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगेंगी।
वहीं भैरहवा वार्ड नंबर पाँच की स्थानीय महिला कार्यकर्ता ममता माकाजू ने कहा कि वह वर्षों से स्वर्गीय दीपक बोहरा के कार्यों से प्रभावित रही हैं। उन्होंने बताया कि बोहरा परिवार का जनता के बीच गहरा भरोसा है और यही कारण है कि गौरव बोहरा और प्रज्जवल बोहरा को टिकट मिलने से कार्यकर्ताओं में खुशी है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों भाई अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी कार्यालय, भरहवा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, केंद्रीय सदस्य और पार्टी समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनता के भरोसे और संगठित प्रयासों के दम पर दोनों प्रत्याशी चुनाव में सफलता हासिल करेंगे।


