उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली सीमा स्तंभ संख्या 517/2 की बैरिकेटिंग में बदलाव किया गया है। पुरानी बैरिकेटिंग लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे सीमा सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई थीं।
सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया है। पुरानी क्षतिग्रस्त बैरिकेटिंग को हटाकर अब नई और मजबूत बैरिकेटिंग लगाई गई है, जिससे सीमा पर निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक ने बताया कि सीमा स्तंभ संख्या 517/2 पर लगी पुरानी बैरिकेटिंग काफी समय से क्षतिग्रस्त थी। सीमा क्षेत्र में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इसे बदलना अत्यंत आवश्यक हो गया था।
इस कार्य के पूरा होने के बाद अब सीमा पर निगरानी और सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हो गई है। नई बैरिकेटिंग से अवैध आवागमन और सीमा से जुड़े अन्य सुरक्षा जोखिमों पर अंकुश लगने की उम्मीद है। एसएसबी द्वारा समय-समय पर उठाया गया यह कदम सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












