उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नया बजट सत्र भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए खासा उत्साह लेकर आया। इसी क्रम में आज केंद्रीय बजट भाषण का सीधा प्रसारण नौतनवां नगर पालिका के सभा कक्ष में किया गया, जहां नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी अपने समर्थकों के साथ उपस्थित रहे और पूरे बजट भाषण को ध्यानपूर्वक देखा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका सभागार भाजपा कार्यकर्ताओं से भरा रहा। बजट भाषण को देखने के लिए नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बजट भाषण का सीधा प्रसारण देखा और केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना की।


इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह बजट देश के विकास को नई दिशा देने वाला है। बजट में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे आम जनमानस को लाभ मिलेगा।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आत्मनिर्भर भारत की सोच को और मजबूत करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बजट की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बजट भाषण के समापन के बाद उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम बताया।











