राष्ट्र-धर्म-संस्कृति और भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा/रूपन्देही।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (RPP) से क्षेत्र नंबर पाँच के प्रत्याशी मीन प्रसाद घिमिरे ने चुनावी मैदान में उतरते ही जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। पार्टी से टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी लगातार जनता के बीच पहुँच रहे हैं और घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का अपार स्नेह, विश्वास और सद्भाव मिल रहा है, जिससे उनका उत्साह और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं।

प्रत्याशी मीन प्रसाद घिमिरे ने बताया कि जनसंपर्क के दौरान लोग खुलकर अपनी बात रख रहे हैं और बड़ी संख्या में नागरिक RPP को सबसे उपयुक्त पार्टी बता रहे हैं। “जनता का व्यवहार अत्यंत सौहार्दपूर्ण है और हम भी उसी भावना के साथ उनके बीच जाकर राष्ट्र निर्माण के विचार साझा कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अभियान “राष्ट्र जगाओ अभियान” के तहत चल रहा है, जिसमें धर्म, संस्कार और संस्कृति को केंद्र में रखकर आगे बढ़ने का संदेश दिया जा रहा है। उनका कहना था कि धर्म, संस्कार और संस्कृति समाज की आत्मा हैं और इन्हीं मूल्यों के आधार पर राष्ट्र को मजबूत किया जा सकता है। RPP धर्म, संस्कृति, परंपरा और राजसंस्था की पुनर्स्थापना के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
लुंबिनी क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रत्याशी ने कहा कि विभिन्न स्रोतों के अनुसार लुंबिनी में भ्रष्टाचार गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जनता ने उन्हें विजयी बनाया, तो वे संसद में लुंबिनी से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों को जोर-शोर से उठाएंगे।
उन्होंने कहा, “पूर्ववर्ती राजनीतिक दलों और कुछ कर्मचारियों द्वारा किए गए कमीशनखोरी के खेल को समाप्त करना हमारी प्राथमिकता होगी। ब्यूरोक्रेसी में आवश्यक परिवर्तन कर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।”
इसके साथ ही उन्होंने लुंबिनी की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान को स्थानीय जनता से जोड़ने, स्थानीय हक-अधिकार सुनिश्चित करने और क्षेत्र को राष्ट्रहित से जोड़कर विकास की नई दिशा देने का संकल्प भी दोहराया।
अंत में प्रत्याशी ने जनता से राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि उनका संघर्ष केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं, बल्कि एक सशक्त, स्वाभिमानी और भ्रष्टाचार-मुक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए है।











