सोनौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बार्डर से सटे खनुआ गांव में तस्करी के लिए रखे कपड़े और कॉफी बीन्स जब्त, आरोपी फरार

भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी मात्र दिखावा,चोरी छिपे अभी भी चल रहा है तस्करी का खेल 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! सोनौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बार्डर से सटे खनुआ गांव में पुलिस ने तस्करी के लिए रखा गया भारी मात्रा में कपड़ा और काफी वीन्स बरामद किया है। हालांकि कि इस दौरान तस्कर भागने में सफल रहे। 

बता दें कि बीते शुक्रवार को नायब तहसीलदार नौतनवां सौरभ कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बार्डर से सटे खनुआ गांव में बड़ी कार्रवाई की गई। नो-मेंस लैंड के समीप हुई इस छापेमारी में भारी मात्रा में कपड़ा और कॉफी बीन्स बरामद किए गए। हालांकि, मौके से आरोपी फरार होने में सफल रहे।

नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि उन्हें मुखबिरों से सूचना मिली थी कि खनुआ गांव के नो-मेंस लैंड के पास एक दुकान और आसपास के घरों में तस्करी के इरादे से कपड़ा और अन्य सामान अवैध रूप से जमा किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की योजना बनाई गई।

छापेमारी के दौरान, टीम ने देखा कि एक पिकअप वाहन से सामान उतारा जा रहा था। अधिकारियों और पुलिस बल को अपनी ओर आता देख, तस्करी में संलिप्त लोग सामान छोड़कर तुरंत मौके से फरार हो गए।

इसके बाद, मौके पर पड़े सामान की गिनती की गई। इसमें दो गट्ठर कपड़ा और चार बोरा कॉफी बीन्स बरामद हुए। यह सारा सामान अवैध भंडारण और तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

बरामद किए गए कपड़े और कॉफी बीन्स को जब्त कर लिया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए इसे सोनौली पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है और क्षेत्र में अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!