उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार राय पर एक महिला अधिवक्ता के साथ थाने में अमर्यादित व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना बुधवार, 4 फरवरी को थाने में बातचीत के दौरान हुई। अधिवक्ता ने इस मामले में मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक महिला अधिवक्ता किसी मामले को लेकर थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार राय से चर्चा कर रही थीं। इसी दौरान प्रभारी अचानक नाराज हो गए और कथित तौर पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपमानित किया। अधिवक्ता ने मीडिया को बताया कि प्रभारी ने उनकी बात को बीच में ही रोक दिया और गुस्से में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने इसे एक महिला वकील के प्रति अस्वीकार्य व्यवहार बताया।
घटना के तुरंत बाद, अधिवक्ता ने फरेंदा बार एसोसिएशन को लिखित शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार, 5 फरवरी को उन्होंने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को एक पत्र सौंपा, जिसमें थाना प्रभारी के इस रवैये की निंदा की गई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल जांच व उचित कार्रवाई की मांग की गई।
अधिवक्ता ने इस घटना की पूरी जानकारी उत्तर प्रदेश महिला आयोग को भी भेजी है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एसपी महाराजगंज सहित अन्य उच्च पुलिस अधिकारियों को भी पत्र लिखकर प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने भी इस मुद्दे पर एकजुटता व्यक्त की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फरेंदा थाने में पहले भी इस तरह की और कई शिकायतें सामने आती रही हैं। इस संबंध में एसपी महाराजगंज ने मीडिया को बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे। वकील बिरादरी में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगी।
थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार राय ने कहा कि एक मामले में वह अपनी बात कह रही थीं, जिसका जवाब उनके पक्ष का नहीं लगा। इसके बाद उनके ऊपर इस तरह का अनर्गल आरोप लगाया जा रहा है। जो पूरी तरह निराधार है।