बेटी की शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग, कार्ड बांटने निकले पिता-पुत्र की भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज! महराजगंज जिले के सिसवा-घुघली मुख्य मार्ग पर बौरहवा बाबा स्थान के पास आज रविवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गयी, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान सिसवा नगर के अमरपुरवा निवासी 55 वर्षीय राजू रौनियार और उनके 30 वर्षीय बेटे हरिश्चंद्र रौनियार के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को एम्बुलेंस से सिसवा सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने राजू रौनियार को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे हरिश्चंद्र रौनियार ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

बता दें कि 24 फरवरी को बेटी की शादी थी और पिता-पुत्र दोनों बाइक से शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इस हादसे ने एक ही पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!