उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू!
भारत सरकार ने नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनावों की तैयारियों में सहयोग के लिए नेपाल को अनुदान के रूप में बड़ी संख्या में वाहन उपलब्ध कराए हैं।
यह सहायता नेपाल सरकार के अनुरोध पर दी जा रही है। चुनावी प्रक्रिया को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत सरकार ने लगभग 650 वाहन (मुख्य रूप से डबल कैब पिकअप, एसयूवी और अन्य उपयोगी वाहन) उपलब्ध कराने का वादा किया है। यह सहायता विभिन्न चरणों में दी जा रही है।
भारतीय दूतावास के अनुसार, यह सहायता नेपाल में चुनाव की तैयारियों में रसद और सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से दी जा रही है। भारत 2008 से ही नेपाल के चुनावों में इस प्रकार की सहायता प्रदान करता आ रहा है।
जिसके तहत हजारों वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार, ये वाहन मुख्य रूप से सुरक्षा एजेंसियों (पुलिस, सशस्त्र पुलिस), चुनाव आयोग और अन्य संबंधित एजेंसियों को दिए जाएंगे।
इससे दूरदराज के क्षेत्रों में मतदान सामग्री पहुंचाने, सुरक्षा टीमों की आवाजाही और चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन में सुविधा होने की उम्मीद है।