उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा पर कस्टम ने पकड़ा तस्करी कर नेपाल ले जाने की फिराक में डंप की गई गेंहू की खेप। गुप्त सूचना के आधार पर कस्टम्स (निवारक) टीम, नौतनवां ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा के नो-मैन्स लैंड के समीप स्थित बैरियहवा क्षेत्र से 140 बोरी गेहूं बरामद किया। गेहूं लावारिस अवस्था में पाया गया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि उक्त गेहूं को निर्धारित मार्ग के बजाय ऑफ-रूट के जरिए अवैध रूप से नेपाल ले जाने की तैयारी थी। कस्टम्स टीम के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर गेहूं छोड़कर फरार हो गए। जब्त किए गए गेहूं को कस्टम्स विभाग ने अपने कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त कस्टम सुधीर त्यागी ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और सख्ती बरती जा रही है।
कार्यवाही में शामिल टीम में कस्टम अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, निरीक्षक सीतेश यादव शामिल रहे।