वीसी से डीएम ने उपस्थिति जांची तो खुल गई पोल, 9 गैरहाजिर मिले

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज! डीएम संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को सुबह 10.10 बजे जिला स्तरीय, तहसील स्तरीय व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति परखी। 

अचानक वीसी के माध्यम से सबको आनलाइन किया तो नौ अधिकारी गैर हाजिर मिले। इस पर सख्ती दिखाते हुए डीएम ने नियमित रूप से जनसुनवाई करने का निर्देश दिया। हिदायत दी कि आगे ऐसा होने पर कार्रवाई तय है। 

जिलाधिकारी ने वीसी कर एक-एक अधिकारी का नाम लेकर कार्यालय में उनकी उपस्थिति को वीडियो कॉल के माध्यम से जांचा। इस दौरान बीडीओ लक्ष्मीपुर, धानी व परतावल अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार जिलास्तरीय अधिकारियों में डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उपनिदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, डायट प्राचार्य, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, डीसी राज्यकर वीसी में नहीं मिले।

जिलाधिकारी ने समस्त अनुपस्थित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करते हुए निर्देशित किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारी अनिवार्य रूप से 10.00 बजे से 12.00 तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करें। आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया गया। 

उन्होंने कहा कि जनपद में आमजन की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता है। अधिकारी कार्यालय समय से आएं और जनसुनवाई को गंभीरता से लें। जनसुनवाई में शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। 

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आकस्मिक रूप से अधिकारियों के उपस्थिति की जांच वीसी के माध्यम से की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!