रास्पा प्रत्याशी डा. लेखजङ्ग थापा का बड़ा विज़न
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा, नेपाल। रुपन्देही क्षेत्र नम्बर–3 से रास्पा पार्टी के प्रत्याशी डा. लेखजङ्ग थापा ने चुनावी मैदान में उतरते ही साफ कर दिया है कि उनकी राजनीति का केंद्र भ्रष्टाचार उन्मूलन, सशक्त स्वास्थ्य प्रणाली और आर्थिक पुनरुत्थान होगा। एक चिकित्सक के रूप में उन्होंने कहा कि नेपाल की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर से मजबूत करना समय की मांग है और यही उनका पहला संकल्प है।
डा. थापा ने कृषि, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन को समान प्राथमिकता देने की बात कही। उनका कहना है कि युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर, किसानों के लिए ठोस नीति और शिक्षा में गुणवत्ता सुधार उनके एजेंडे के प्रमुख स्तंभ हैं।
विदेशी फंडिंग आरोप पर स्पष्ट जवाब
विपक्ष द्वारा लगाए गए विदेशी फंडिंग के आरोपों को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि “राजनीति में अफवाह फैलाना आसान है, लेकिन जनता सच्चाई समझती है।” उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही का भरोसा दिलाया।
भैरहवा एयरपोर्ट टॉप प्रायोरिटी
डा. थापा ने गौतम बुद्ध अन्तर्राष्ट्रिय विमानस्थल को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताया। उनका कहना है कि यह एयरपोर्ट सिर्फ रुपन्देही नहीं, बल्कि पूरे देश की आर्थिक संभावनाओं से जुड़ा है। भारत-नेपाल सहयोग और कूटनीतिक पहल से इसे पूर्ण रूप से संचालन में लाने का आश्वासन उन्होंने दिया।
सीमा क्षेत्र के विकास पर उन्होंने कहा कि बॉर्डर प्रतिबंध का नहीं, सहयोग और सौहार्द का प्रतीक होना चाहिए। यदि एयरपोर्ट सुचारु रूप से चलता है तो पर्यटन, होटल व्यवसाय और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिलेगी।
स्पष्ट संदेश: “जनता का विश्वास मिला तो विकास की गति तेज होगी और हर वादा जमीन पर उतरेगा।”