महराजगंज ब्रेकिंग
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रही गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विवाह समारोह में कुछ मनबढ़ युवकों ने जमकर उत्पात मचा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल से आई बारात पर गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने लाठी-डंडों के साथ गोलबंद होकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दहेज का सामान भी लूट लिया और बारातियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कई वाहनों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए, वहीं मेहमानों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए इस हमले से शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में देर रात विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
पीड़ित पक्ष ने मामले में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है।