महराजगंज ब्रेकिंग
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब पॉक्सो एक्ट का एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी को श्यामदेउरवा थाने से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी वह सुरक्षा घेरा तोड़कर चकमा देकर भाग निकला।
घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कई टीमें गठित की गई हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) भी आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी पड़ोसी देश नेपाल भागने की कोशिश कर सकता है। इसी को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रमुख मार्गों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे मामले की विभागीय जांच की भी बात कही जा रही है।