रमजान में दिया आपसी भाईचारा,प्रेम और सौहार्द का संदेश
रमजान का पर्व केवल रोजा रखने का ही नहीं बल्कि दिलों को जोड़ने, गरीबों की मदद करने और शांति का देता है संदेश- गणेश शंकर पांडेय
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में आपसी भाईचारा प्रेम और सौहार्द का संदेश देखने को मिला। रविवार की शाम करीब 6 बजे फरेंदा ब्लॉक के ग्राम सभा महदेवा दुबे टोला गोविंदपुर स्थित मदरसे में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सभापति और पूर्व एमएलसी गणेश शंकर पाण्डेय शामिल हुए।
पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय ने रोजेदारों के साथ इफ्तार किया। इस अवसर पर उन्होंने आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। यह कार्यक्रम स्थानीय मुस्लिम समुदाय द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें आसपास के ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि रमजान का पर्व केवल रोजा रखने का नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने, गरीबों की मदद करने और शांति का संदेश फैलाने का है। उन्होंने जोर दिया, “इस मुबारक महीने में हम सभी को एक-दूसरे के प्रति प्रेम और सम्मान बढ़ाना चाहिए। हिंदू-मुस्लिम भाईचारा ही हमारी ताकत है।”
रमजान के पवित्र महीने में रोजेदार दिन भर उपवास रखते हैं और अल्लाह की इबादत करते हैं। इफ्तार का समय विशेष महत्व रखता है, जब परिवार और समुदाय एक साथ भोजन ग्रहण करते हैं।
इस कार्यक्रम में दाल-सब्जी, फलाहार, खजूर और शिरनी जैसे व्यंजन परोसे गए। पूर्व सभापति ने रोजेदारों के साथ बैठकर दुआएं भी मांगीं। स्थानीय लोगों ने उनकी उपस्थिति को समुदाय के लिए प्रेरणादायक बताया।
फरेंदा क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव हमेशा मजबूत रहा है। पूर्व सभापति ने रमजान के दौरान जरूरतमंदों को भोजन वितरण और मस्जिदों की सहायता पर भी जोर दिया।
इस कार्यक्रम में ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर अमन, शांति और बरकत की दुआ की। पूर्व सभापति ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।