परतावल–गोरखपुर एनएच-730 पर स्पीड राडार से सघन चेकिंग
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज जनपद में आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत परतावल–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर स्पीड राडार गन के माध्यम से वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चला रहे चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने के निर्देश दिए और ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणामों के बारे में समझाया।
ओवरस्पीडिंग पर सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस ने बताया कि तेज गति सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे गए तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
आमजन से अपील
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।