“रूख चिन्ह पर विश्वास जताने की अपील, संसद में दमदार आवाज बनने का वादा”
मनोज कुमार त्रिपाठी
नेपाली कांग्रेस के युवा नेता गगन थापा के नेतृत्व में पार्टी ने केंद्र स्तर पर स्वयं को बदलने और समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया है। हाल के जनआंदोलनों के बाद पार्टी ने अपनी नीति और नेतृत्व में परिवर्तन करते हुए परिपक्व और संयमित राजनीति की राह अपनाई है।
वक्ताओं ने कहा कि अब प्रचार-प्रसार की पुरानी शैली को बदल दिया गया है। किसी भी पार्टी या नेतृत्व पर आरोप-प्रत्यारोप और गाली-गलौज की राजनीति से दूर रहकर, नेपाली कांग्रेस अपने ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप संयम और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ रही है।
इस चुनाव में कई नए और पहली बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। आठ नए प्रत्याशियों के साथ पार्टी युवाओं को नेतृत्व में आगे ला रही है। इसी कड़ी में सुशील गुरुङ ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि फागुन 21 को होने वाले चुनाव में विवेकपूर्ण निर्णय लें और रूख (पेड़) चुनाव चिन्ह पर मतदान कर उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि वे इस क्षेत्र से सांसद के रूप में निर्वाचित होते हैं, तो क्षेत्र की हर पीड़ा, समस्या और विश्वास को केंद्र की संसद में मजबूती और दमदार तरीके से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वे जनता की आवाज बनकर संसद के रोस्ट्रम पर खड़े होकर क्षेत्र के अधिकारों और विकास के लिए संघर्ष करेंगे।
नेपाली कांग्रेस का यह बदला हुआ स्वरूप अब सकारात्मक राजनीति, युवा नेतृत्व और विकास की प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच विश्वास की नई इबारत लिखने की तैयारी में है।