“राज तिलक की करो तैयारी, प्रज्वल बोहरा सबपर भारी”
विशेष रिपोर्ट: मनोज कुमार त्रिपाठी | The IndiaExpress News
रूपन्देही ! प्रतिनिधि सभा चुनाव 2082 में अब गिने-चुने दिन शेष हैं, लेकिन रूपन्देही क्षेत्र संख्या–1 में राजनीतिक माहौल पहले ही निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। चौक-चौराहों, टोल-मोहल्लों और चाय की दुकानों पर एक ही चर्चा है— क्या इस बार सत्ता समीकरण बदलने वाला है? जमीनी पड़ताल और मतदाताओं से बातचीत के आधार पर संकेत मिल रहे हैं कि प्रज्वल बोहरा ने मुकाबले में स्पष्ट बढ़त बना ली है।
गांव से नगर तक गूंज रहा नारा
क्षेत्र में एक नारा तेजी से लोकप्रिय हो रहा है— “राज तिलक की करो तैयारी, प्रज्वल बोहरा सबपर भारी।” यह केवल चुनावी जुमला नहीं, बल्कि समर्थकों के आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति बन चुका है।
देवदहा नगरपालिका–1 बिरता में युवाओं के बीच हुई चर्चा में यह स्पष्ट दिखा कि पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाता विकास, पारदर्शिता और सक्रिय नेतृत्व को प्राथमिकता दे रहे हैं। स्थानीय युवा जमीर अली जोलाहा ने कहा कि इस बार लोग ऐसे उम्मीदवार के पक्ष में हैं जो राष्ट्रहित, सुशासन और भ्रष्टाचार नियंत्रण पर स्पष्ट दृष्टिकोण रखता हो ।
विरासत का प्रभाव, भविष्य की उम्मीद
दिवंगत दीपक बोहरा के कार्यों की छाप आज भी क्षेत्र में स्पष्ट दिखाई देती है। सड़क निर्माण, सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत संरचना में उनके योगदान को लोग आज भी उदाहरण के रूप में याद करते हैं।
तिलोत्तमा–15 के कृष्ण प्रसाद घिमिरे का कहना है कि दीपक बोहरा ने जिन योजनाओं की नींव रखी थी, उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब प्रज्वल बोहरा पर है। कई मतदाता इसे विकास की निरंतरता के रूप में देख रहे हैं।
तेज प्रचार से बदला चुनावी गणित
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रज्वल बोहरा की ताबड़तोड़ जनसभाओं, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक सक्रियता ने चुनावी परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है।
रोहिणी–3 के नारायण चौधरी का कहना है कि वर्तमान चुनाव में युवा और स्पष्ट विजन वाले उम्मीदवारों की मांग बढ़ी है। उनका मानना है कि अब मतदाता केवल वादों से संतुष्ट नहीं, बल्कि ठोस कार्य और जवाबदेही चाहते हैं।
सामाजिक समीकरण और बढ़ता समर्थन
हाल ही में क्षेत्रीय नेता धनीराम चौधरी के राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) में शामिल होने से समीकरण और मजबूत होने की चर्चा है। 2079 बीएस के चुनाव में उन्हें 13,992 मत प्राप्त हुए थे, जिससे पार्टी को अतिरिक्त बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय निकाय चुनावों में भी आरपीपी ने रोहिणी ग्रामीण नगरपालिका में उपाध्यक्ष सहित चार वार्ड और देवदहा नगरपालिका–11 में सभी पद जीतकर अपनी मजबूत संगठनात्मक स्थिति का संकेत दिया था। 2079 के आनुपातिक प्रतिनिधित्व में रूपन्देही–1 से पार्टी को 11,243 मत मिले थे।
विकास, पहचान और जनविश्वास
क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में मतदाता विकास, सांस्कृतिक पहचान और सुशासन को प्रमुख मुद्दा बता रहे हैं। कुछ मतदाताओं ने धर्म और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा को भी अहम विषय बताया।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि यदि वर्तमान रुझान मतदान दिवस तक बरकरार रहा, तो परिणाम चौंकाने वाले नहीं होंगे। प्रज्वल बोहरा ने सक्रियता, संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क के आधार पर खुद को मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित कर लिया है।
रूपन्देही क्षेत्र संख्या–1 में इस बार का चुनाव केवल प्रत्याशी का चयन नहीं, बल्कि विकास की दिशा, नेतृत्व की विश्वसनीयता और जनविश्वास की परीक्षा बन चुका है। उभरती जनलहर और जमीनी समीकरण संकेत दे रहे हैं कि यहां की तस्वीर निर्णायक रूप ले सकती है।
अब सबकी निगाहें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जब जनता की यह आवाज मतपेटियों में अंतिम निर्णय के रूप में दर्ज होगी।