उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की उपस्थिति में गुरुवार को किया गया एग्रीमेंट
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ ! उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की उपस्थिति में गुरुवार को उनके आवास पर पर्यटन विभाग के राही पर्यटक आवास गृह खुर्जा, बुलंदशहर को पीपीपी मोड पर संचालित करने के लिए एग्रीमेंट किया गया। इस प्रकार की नौ और सम्पत्तियों के लिए भी शीघ्र समझौता किया जायेगा, जबकि 11 सम्पत्तियां पूर्व में ही पीपीपी मोड पर दी जा चुकी हैं। इन समझौतों से सकारात्मक परिणाम आयेगा।
पुराने राही पर्यटक आवास होंगे संचालित
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण के कारण उप्र पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने जा रहा है। इसको देखते हुए पुराने राही पर्यटक आवासों को पीपीपी मोड पर हस्तानान्तरित कर संचालित करने के लिए दिया जा रहा है। अपनी गौरवशाली संस्कृति, ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व एवं धार्मिक विरासतों तथा समृद्ध प्राकृतिक वन संपदा के चलते पर्यटन के क्षेत्र में निवेश आकर्षित हो रहा है, जिससे रोजगार के अवसर तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान सम्भव हो रहा है।

11 राही पर्यटक आवास गृहों को दिया गया
पर्यटन मंत्री ने बताया कि पहले चरण में कैबिनेट से स्वीकृत 11 राही पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड पर दिया जा चुका है। द्वितीय चरण में स्वीकृत चार राही पर्यटक आवास गृहों की स्वीकृति मिली थी, जिसमें राही पर्यटक आवास गृह खुर्जा, बुलंदशहर का गुरुवार को श्री कृष्णा कांट्रेक्टर के साथ एग्रीमेंट हुआ है। शेष राही पर्यटक आवास गृह भदोही, मुंशीगंज, अमेठी तथा देवा शरीफ बाराबंकी का शीघ्र एग्रीमेंट होगा।
कैबिनेट ने दी स्वीकृति
पर्यटन मंत्री ने बताया कि तीसरे चरण में राही पर्यटक आवास गृह सुमेर सिंह किला (इटावा), कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर), शिकोहाबाद (फिरोजाबाद), विन्ध्याचल (मीरजापुर), झील महल रेस्टोरेंट (मऊ) व गोपीगंज (भदोही) को पीपीपी पर देने के लिए बुधवार को कैबिनेट ने स्वीकृति दी है। जल्द ही इनका भी एग्रीमेंट किया जाएगा। कैबिनेट ने राही पर्यटक आवास गृह बस्ती और वृंदावन की निविदा आमंत्रित करने पर भी अपनी मुहर लगा दी है।
13 इकाइयों को पीपीपी पर देने की स्वीकृति
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्राचीन धरोहर भवनों एडेप्टिव रियूज के अंतर्गत 13 इकाइयों को पीपीपी पर देने के लिए कैबिनेट ने स्वीकृति दी है। इसमें बालबेहट फोर्ट ललितपुर, टहरौली फोर्ट झांसी, सीताराम महल कोटवन किला मथुरा, रघुनाथ राव महल झांसी, वजीरगंज की बारादरी गोंडा, आलमबाग भवन लखनऊ, सेनापति महल कुलपहाड़ महोबा, कोठी गुलिस्तान-ए-इरम दर्शन विलास लखनऊ, टिकैत राय बारादरी कानपुर नगर, मस्तानी महल महोबा, भूरागढ़ फोर्ट बांदा, रनगढ़ फोर्ट बांदा और लेक पैलेस तालकोठी चरखारी महोबा शामिल है।