राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बोहरा का राजनीतिक इतिहास 

पंचायत काल में 5 बार मंत्री रहे दीपक बोहरा, गणतंत्र में 4 बार

मनोज कुमार त्रिपाठी 

काठमांडू! नेपाल के पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा रूपंदेही जिले के क्षेत्र नंबर 3 से सांसद दीपक बोहरा का मंगलवार को निधन हो गया। राजधानी के ओम अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हुआ। कोरोना महामारी के समय वे गंभीर रूप से बीमार हुए थे और तभी से गले की समस्या से पीड़ित थे।

साल 2079 के प्रतिनिधि सभा चुनाव में रूपंदेही क्षेत्र नंबर 3 से निर्वाचित हुए बोहरा गले की समस्या के कारण बोल नहीं सकते थे। इसी कारण वे चुनाव प्रचार और निर्वाचित होने के बाद भी संसद में एक बार भी नहीं बोले।

उनके निधन की जानकारी राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) के केंद्रीय सदस्य जनक राज पाठक ने दी।

पंचायत काल में वे राज्य मंत्री और सहायक मंत्री समेत कुल 5 बार मंत्री बने, जबकि गणतंत्र में वे 4 बार मंत्री बने। वे पहली बार साल 2038 में पर्यटन राज्यमंत्री बने और उसी वर्ष पर्यटन सहायक मंत्री भी रहे। इसके बाद 2040 में फिर पर्यटन राज्यमंत्री बने, 2043 में निर्माण और यातायात राज्यमंत्री बने, और 2044 में निर्माण एवं यातायात मंत्री बने।

गणतंत्र के बाद, वे 2067 में वन और भू-संरक्षण मंत्री बने। फिर, केपी ओली के नेतृत्व वाली सरकार में 2072 में श्रम और रोजगार मंत्री, 2073 में प्रचंड के प्रधानमंत्री रहते आपूर्ति मंत्री, और 2074 में शेर बहादुर देउबा की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने। इस प्रकार वह 09 बार मंत्री बने।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!