उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रशासनिक प्रदर्शन का प्रमाण देते हुए अप्रैल 2025 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल किया है।
लखनऊ, गोरखपुर, और अन्य प्रमुख जनपदों को पीछे छोड़ते हुए महराजगंज ने विकास और राजस्व योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के आधार पर यह उपलब्धि प्राप्त की है। यह रिकॉर्ड सातवीं बार है जब महराजगंज ने इस रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जनपद को विकास क्षेत्र की 59 योजनाओं में से अधिकांश में ए+ ग्रेड मिला है, वहीं कुछ योजनाओं को ए और बी ग्रेड भी प्राप्त हुआ।
इसी प्रकार, राजस्व क्षेत्र की 31 योजनाओं में से अधिकांश में भी जनपद ने ए+ ग्रेड अर्जित किया। इससे स्पष्ट होता है कि योजनाओं का क्रियान्वयन बेहद प्रभावी ढंग से हो रहा है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने इस सफलता पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जनपद के कर्तव्यनिष्ठ प्रशासन का परिणाम है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को बरकरार रखने के लिए निरंतर मेहनत और समर्पण आवश्यक है।
बता दें कि सीएम डैशबोर्ड में शामिल योजनाओं की समीक्षा स्वयं जिलाधिकारी माह में दो बार करते हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से विभागीय समन्वय और निगरानी करते हैं। अप्रैल 2025 की रैंकिंग में अयोध्या दूसरे, मऊ तीसरे, अंबेडकर नगर चौथे और गाजियाबाद पांचवे स्थान पर रहे।
महराजगंज की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश में अन्य जनपदों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।