बीएसएफ के जवान पूर्णम कुमार साहू 20 दिन बाद लौटे स्वदेश, पत्नी ने जताई खुशी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नई दिल्ली! भारत के एक्शन के सामने पाकिस्तान बैकफुट पर आ गया है। पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में लिए बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवान पूर्णम कुमार साहू को वापस कर दिया है। 20 दिन से अधिक पाकिस्तान के कब्जे में रहने के बाद पूर्णम कुमार अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत वापस आ गए हैं। पति के वतन वापसी की खबर जब पूर्णम कुमार साहू की पत्नी को मिली तो खुशी से झूम उठीं। उन्होंने कहा कि मेरे पास ये बताने के लिए शब्द नहीं है कि मैं आज कितनी खुश हूं। 

मीडिया से बात करते उन्होंने कहा कि आज हमारा पूरा परिवार बहुत खुश है। जब मैंने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात की तो पहली नजर में मैं उन्हें पहचान ही नहीं पाई। वो ठीक है। उन्होंने मुझे कहा कि तुम घबराओ नहीं मैं अपने वतन लौट आया हूं। उनके लौट आने के बाद अब हमारी सारी चिंता दूर हो गई है। 

बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साहू की पत्नी ने बताया कि मेरे पति के लौट आने में हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का सबसे बड़ा योगदान रहा है। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मेरा पूरा साथ दिया है। उन्होंने बीते तीन दिनों में हर दिन मुझसे बात की और आखिरकार आज मेरे पति स्वदेश वापस लौट आए। 

आपको बता दें कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के एक दिन बाद उन्हें हिरासत में लिया था और उसके बाद से दोनों देशों में तनाव चरम पर था।भारत ने पाकिस्तान के आतंकवाद के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इन सबके बीच पूर्णम कुमार साहू का परिवार उनकी वापसी की राह देख रहा था। 

बीएसएफ ने एक बयान में कहा, “आज बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साहू ,जो 23 अप्रैल 2025 से पाकिस्तान रेंजर्स की हिरासत में थे, को संयुक्त चेक पोस्ट अटारी, अमृतसर के माध्यम से लगभग 10.30 बजे पाकिस्तान ने भारत को सौंप दिया। हैंडओवर शांतिपूर्ण और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया।

40 साल के पूर्णम कुमार साहू 23 अप्रैल को अनजाने में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे और बाद में उन्हें ‘पाकिस्तान रेंजर्स’ ने हिरासत में ले लिया था। पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में बीएसएफ की 182 वीं बटालियन में तैनात पूर्णम कुमार साहू वर्दी में थे और उनके पास उनका सर्विस राइफल भी था। बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब पूर्णम कुमार साहू सीमा के पास किसानों के एक समूह की रक्षा के लिए उनके साथ थे। वह एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए चले गए और अनजाने में पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गए। उन्हें तुरंत पाकिस्तान रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!