चीन ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी 

भारत-नेपाल बार्डर क्षेत्र में बिल्कुल न जाएं और गिरफ्तारी से बचें 

चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से दूर रहने की दी सलाह 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

काठमांडू! चीन ने नेपाल की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों को भारत के बॉर्डर क्षेत्र में ना जाने की सलाह दी है। नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने बयान जारी करते हुए अपने नागरिकों को कई अहम दिशा निर्देश दिए हैं। भारतीय सीमा बलों ने हालिया दिनों में नेपाल बॉर्डर पर कई चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए काठमांडू के चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी है। बिना इजाजत भारतीय बॉर्डर में जाने से होने वाली परेशानी से बचने के लिए चीन ने अपने लोगों को चेताया है।

समाचार के मुताबिक नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए संदेश में कहा है कि नेपाल-भारत बॉर्डर क्षेत्र में सीमांकन पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अनजाने में नेपाल से भारतीय क्षेत्र में चले जाने की संभावना बनी रहती है। बिना परमिशन भारतीय क्षेत्र में एंट्री करने पर गिरफ्तारी हो जाती है। इसके बाद गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।

नेपाल और भारत के सुरक्षाबलों ने बीते कुछ समय से नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। इससे चीन की चिंताएं बढ़ी हैं। चीनी दूतावास ने पहले ही चीनी नागरिकों को नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कई चीनी नागरिकों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और सीमा क्षेत्र में चले गए। इसका नतीजा ये हुआ कि भारतीय सुरक्षाबलों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

चीन के नागरिकों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद दूतावास ने शुक्रवार को वीचैट पर अपनी पोस्ट में कहा कि वह एक बार फिर चीनी नागरिकों को नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में न जाने की चेतावनी दे रहे हैं। हम आपको बताना चाहते हैं कि भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने पर गिरफ्तारी और मुकदमा चलाया जा सकता है। इसमें जमानत मिलना मुश्किल है। आरोपी को 2-8 वर्ष की जेल और जुर्माना हो सकता है।

चीन के दूतावास ने कहा है कि कोई परेशानी आने पर चीनी नागरिक उनसे संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने अपने बयान में कहा कि वह चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन नागरिकों को भी उनका मशविरा मानना चाहिए। 

बता दें कि नेपाल और भारत के नागरिक पहचान दस्तावेजों के साथ स्वतंत्र रूप से सीमा पार कर सकते हैं लेकिन विदेशी नागरिक बिना वीजा के नेपाल से भारत नहीं आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!