वर्षों से कुंडली मारकर बैठे ग्राम विकास और ग्राम पंचायत अधिकारियों का तबादला

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! ग्राम विकास विभाग में वर्षों से 16 तो वहीं पंचायत विभाग में आधा दर्जन अधिकारियों के तबादले की गुप्त और त्वरित कार्रवाई ने जिले भर में चर्चा का विषय बन गया है। प्रशासन ने इस बार ऐसा कदम उठाया है जो न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अब पुराने ढर्रे पर चल रहे सिस्टम को दुरुस्त करने की ठान ली गई है।

जिन ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें से अधिकांश अधिकारी एक ही जगह पर तीन से लेकर साढ़े तीन वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत थे।

सूत्रों के अनुसार, इनमें से कई अधिकारी स्थानीय स्तर पर राजनीति और प्रभावशाली लोगों से नजदीकी संबंध रखते थे, जिसकी वजह से वर्षों से इनका स्थानांतरण टलता रहा। लेकिन इस बार न कोई फाइल छिपाया गया और न ही किसी की सिफारिश को तवज्जो दी गई।

मिली खबर के मुताबिक तबादले की सूची बनते ही संबंधित अधिकारियों को सीधे तबादला आदेश थमा दिए गए और उसी समय उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नए स्थान पर योगदान देने के निर्देश दे दिए गए। इस त्वरित कार्रवाई से अधिकारियों में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि तबादले से पहले किसी को भी भनक तक लगने नहीं दी गई।

इस दौरान, जिन ग्राम विकास अधिकारियों का तबदला किया गया है उनमें, राजेश तिवारी, शशिकांत, बालमुकुंद पाण्डेय, अशोक निगम, अशोक पासवान, धर्मेंद्र तिवारी, रोशनी सिंह, तेजेंद्र सिंह, विवेक, रीना राय, विवेक सिंह, मनोज गुप्ता, फिरोज आलम, रामकिशोर, परमेश्वर दुबे और रामनाथ का नाम शामिल है।

वहीं कई ग्राम पंचायत अधिकारियों का भी तबादला किया गया है, जिनमें चंद्रशेखर, सुरेश कुमार, हेमंत तिवारी, अनिरुद्ध पांडेय, सुनील गुप्ता और देवेंद्र यादव का नाम शामिल है।

इन अधिकारियों पर वर्षों से एक ही स्थान पर जमे रहने के कारण विकास कार्यों में अनियमितता, पक्षपात और स्थानीय राजनीति में हस्तक्षेप जैसी शिकायतें मिल रही थीं। यही वजह रही कि विभाग ने बड़ी संख्या में बदलाव करते हुए यह कड़ा कदम उठाया।

गौरतलब है कि बीते दिन भी प्रदेश भर में 22 जेल अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसी क्रम में महराजगंज जनपद में तैनात जेल अधीक्षक कृष्ण मोहन चंद का भी तबादला कर दिया गया था। उन्हें अब उन्नाव जनपद का नया जेलर नियुक्त किया गया है। कृष्ण मोहन चंद ने महराजगंज में अपने कार्यकाल के दौरान कारागार व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!