उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन लेहड़ा देवी मंदिर में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने आज मंदिर का दौरा किया।

मुख्यमंत्री पर्यटन परियोजना के तहत मंदिर परिसर में कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें पोखरे का निर्माण, यात्री अतिथि भवन, विश्राम गृह और शौचालय शामिल हैं। डीएम ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आगामी नवरात्रि और रामनवमी त्योहारों की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। डीएम ने माता लेहड़ा देवी का दर्शन कर पूजन-अर्चन भी किया।

इस दौरान एसडीएम फरेंदा प्रतीक्षा त्रिपाठी, लेहड़ा मंदिर परिषद के अध्यक्ष सिंटू सिंह, लेहड़ा चौकी इंचार्ज और जिला व तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे।

